केरियर गाइडेंस पोर्टल कें सबंध में दी जाएगी जानकारियां – प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयाें में एक दिवसीय आमुखीकरण कार्यक्रम शुक्रवार को

जयपुर, 4 अप्रेल। विद्यार्थियों को ऑनलाईन केरियर गाइडेंस की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रारम्भ राजीव गांधी केरियर गाइडेंस पोर्टल के सम्बन्ध में शुक्रवार को राज्य के सभी राजकीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में एक दिवसीय आमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। आमुखीकरण कार्यक्रम संबंधित विद्यालयों में प्रातः 10ः15 बजे आयोजित किया जाएगा। इसमें संस्था प्रधान अथवा उपलब्ध अन्य विशेषज्ञों द्वारा ऑनलाइन केरियर गाइडेंस पोर्टल को प्रयोग किए जाने की तकनीकी जानकारियां दी जायेगी।
राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद् के आयुक्त श्री प्रदीप कुमार बोरड़ ने इस सम्बन्ध में एक आदेश जारी कर राज्य के सभी जिलों के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों को आमुखीकरण कार्यक्रम आवश्यक रूप से विद्यालयो में आयोजित किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि सभी राजकीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के मार्च-2019 में बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित हो चुके कक्षा 10 एवं कक्षा 12 के सभी छात्र-छात्राओं के लिए उनके विद्यालयों में एक दिवसीय आमुखीकरण कार्यक्रम विद्यालय परिसर में ही आयोजित किया जाएगा।
श्री बोरड़ ने बताया कि पोर्टल के माध्यम से कक्षा 9-12 के विद्यार्थी हिन्दी और अंग्रेजी भाषाओं में 200 से अधिक व्यावसायिक और 237 पेशेवर केरियर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही विद्यार्थी छात्रवृत्ति, शिक्षा योजनाओं, कॉलेज विकल्पों, विभिन्न प्रवेश परीक्षा विवरणों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी 455 से अधिक कैरियर विकल्पों, 10 हजार कॉलेजों, 960 से अधिक छात्रवृत्ति और 955 से अधिक प्रवेश परीक्षाओं से सम्बन्धित सभी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ‘राजीव गांधी केरियर गाइडेंस पोर्टल’ को वेबसाइट https://rajcareerportal.com  पर क्लिक करके देखा जा सकता है।

About Manish Mathur