टाटा पावर ने अपने ‘ट्री मित्र’ ऐप के ज़रिए नागरिकों को जलवायु के लिए सक्रियता के समर्थक बनने का आमंत्रण

राष्ट्रीय, 27 जनवरी 2022: टाटा पावर ने #DoGreen की अपनी प्रतिबद्धता को निभाते हुए और पृथ्वी के कल्याण के लिए सामूहिक प्रयासों में अपने योगदान के रूप में, अंतरराष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर अपना ‘ट्री मित्र’ ऐप शुरू किया है। दुनिया भर में शांति बनाए रखने और सतत विकास लाने में शिक्षा द्वारा निभायी जा रही भूमिका का महत्त्व सभी तक पहुंचाने के लिए 2018 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा इस दिन की घोषणा की गई थी। इस दिवस पर टाटा पावर द्वारा शुरू की गयी अनूठी पहल का लक्ष्य पर्यावरण के अनुकूल कार्यों के ज़रिए पृथ्वी की रक्षा करने में व्यक्तिगत क्षमता की शक्ति का सम्मान करना और हरित भविष्य का निर्माण करने के लिए जैव विविधता के समर्थकों को बढ़ावा देना है।

इस ऐप को कंपनी ने लाभ के लिए नहीं बनाया है, यह निःशुल्क ऐप है, जिसे भारत की जैव विविधता के महत्त्व के बारे में जागरूकता को बढ़ाने के उद्देश्य से बनाया गया है। इसमें लोगों को एक 52 इमेज वॉलपेपर कैलेंडर मिलता है, हर इमेज एक अनोखे भारतीय पेड़ की कहानी बताती है। ऐप के हर डाउनलोड के साथ भारत में अपने कार्यस्थलों के आसपास एक पौधा लगाने की प्रतिज्ञा कंपनी ने ली है।  इस तरह से अपने स्मार्टफोन्स पर कुछ क्लिक्स के साथ सच्चा ट्री मित्र बनने की शक्ति यह ऐप लोगों को प्रदान करेगा।

भारत की सबसे बड़ी एकीकृत बिजली कंपनी होने के नाते, एक हरित और शुद्ध ऊर्जा ब्रांड बनने की दिशा में कार्य नेतृत्व पर ध्यान केंद्रित करते हुए, टाटा पावर अपने कर्मचारियों, ग्राहकों और हितधारकों को प्रेरित करने और शामिल करने के लिए कई पहल और पर्यावरण के अनुकूल प्रथाओं का समर्थन करती है।

वनीकरण के अभियान में महत्वपूर्ण योगदान देने के अलावा, यह ऐप पेड़ों के बारे में अनूठी जानकारी तक पहुंच प्रदान करता है और पर्यावरण के अनुकूल प्रथाओं को अपनाने के महत्व को सभी तक पहुंचाता है, इस ऐप के आकर्षक वॉलपेपर्स बहुत ही प्रभावकारी ढंग से पर्यावरण सुरक्षा का संदेश देते हैं। मोबाइल स्क्रीन्स के बैकग्राउंड पर इन वॉलपेपर्स को हर हफ्ते अपडेट किया जाएगा।

जैव विविधता की सुरक्षा और बहाली के लिए टाटा पावर द्वारा किए जा रहे प्रयासों में ‘ट्री मित्र’ ऐप एक और महत्वपूर्ण पहल है। ‘ट्री मित्र’ पहल के तहत, टाटा पावर पिछले 40 वर्षों से एक अनूठा वृक्षारोपण अभियान चला रहा है, जिसमें कर्मचारियों और उनके परिवारों को एक पेड़ लगाने, उसे अपनाने और उसकी देखभाल करके बड़ा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। इस दौरान पूरे महाराष्ट्र, झारखंड, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, गुजरात और कर्नाटक में समूह के कई कार्यस्थलों पर 100 लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं।

पश्चिमी घाटों और भारत भर के अन्य स्थानों में अपनी ऑपरेटिंग साइट्स के आसपास की वनस्पतियों और जीवों की व्यापक विविधता के संरक्षण के लिए कंपनी ने पिछले कुछ वर्षों में कई कदम उठाए हैं। कंपनी का कई पुरस्कारों से नवाज़ा गया वालवन गार्डन और महाराष्ट्र के लोनावला में 50 सालों से चलाया जा रहा, ‘एक्ट फॉर माहसीर’ कार्यक्रम कंपनी की पर्यावरण सुरक्षा के प्रति निष्ठा प्रमाण हैं।

पर्यावरण के अनुकूल और जिम्मेदारियों को पूरी तरह से निभाने वाली व्यावसायिक रणनीतियों को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण एजेंडा में योगदान देने के लिए टाटा पावर प्रतिबद्ध है। 2045 से पहले कार्बन तटस्थता हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध होने वाली यह देश की पहली बिजली कंपनी है और डब्ल्यूबीसीएसडी और दुनिया की अन्य 10 कंपनियों के साथ बिजली कंपनियों के लिए पहला एसडीजी रोडमैप बनाने वाली एकमात्र भारतीय कंपनी है। 2030 तक वाटर न्यूट्रलिटी और जीरो वेस्ट टू लैंडफिल हासिल करने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप भी टाटा पावर ने विकसित किया है।

ट्री मित्र ऐप को निःशुल्क डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराकर इस पहल को ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुंचाने का टाटा पावर कंपनी का उद्देश्य है। अधिक जागरूकता के साथ-साथ व्यापक उद्देश्य के लिए आगे आने के लिए ज़्यादा से ज़्यादा लोगों को क्लाइमेट-एक्शन चैम्पियन्स बनने के लिए प्रोत्साहित करना भी कंपनी का लक्ष्य है।

About Manish Mathur