राजस्थान यूथ कांग्रेस चुनाव-2023, सुस्त इलेक्शन में यशवीर शूरा दौड़ में आगे

जयपुर। राजस्थान यूथ कांग्रेस के सुस्त चुनावों में अब उबाल है। 27 फरवरी तक ऑनलाइन मतदान होगा, ऐसे में सभी प्रत्याशी अपने जीत के आकड़े को पक्का करने में जुटे है। सबसे अहम पद प्रदेशाध्यक्ष का है, जिसमें अब तक हुई वोटिंग में यशवीर शूरा बढ़त बनाए हुए है। अभिमन्यु पूनियां भी दमदार प्रत्याशी के रूप में सामने है। सुधींद्र मूंड, सतवीर चौधरी और राकेश मीणा भी अपने समर्थकों के बूते चुनावी दौड़ में गति पकड़े हुए है। पिछले चुनावों में 15 लाख 80 हजार मतदाताओं ने चयन का जिम्मा संभाला था, इस बार यह आकड़ा बढ़कर 18 लाख होने की संभावना है। अब तक 13 लाख 64 हजार 664 ऑनलाइन मतदान हो चुका है। इसमें 10 लाख 82 हजार पेड सदस्य और 2 लाख 81 हजार अनपेड सदस्य है। हालांकि ऑरिजनल सदस्य संख्या को गिना जाए तो अंतिम आकड़ा अधिकतम 9 लाख तक पहुंचेगा, फेक सदस्य संख्या को लेकर निर्वाचन अधिकारी और प्रभारी पहले से सख्त रूख दर्शा रहे है।

कांग्रेस को वर्ष 2018 के चुनावों में 40.64 प्रतिशत वोट मिले थे। वहीं बीजेपी को 39.08 प्रतिशत वोट मिले थे। राजस्थान में पांच करोड़ मतदाता वर्ष 2023 में होने वाले चुनावों में वोट डालेंगे, ऐसे में यूथ कांग्रेस के सदस्यों की संख्या इन चुनावों में भी अहम साबित होगी।

27 फरवरी तक होगा ऑनलाइन मतदान

राजस्थान में यूथ कांग्रेस के लिए चार पदों पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू है। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष, महासचिव, जिला अध्यक्ष और विधान सभा अध्यक्ष के लिए चुनाव कराया जा रहा है। इस बार नए और पुराने सदस्यों को वोटिंग का अधिकार तभी मिल रहा है, जब वे पार्टी कोष में 50 रुपए जमा कराएंगे।

चुरू, बीकानेर, झुंझुनूं, हनुमानगढ़ और अलवर से फेक मेंबरशिप की आशंका यूथ कांग्रेस की ऑर्ब्जवेशन ईकाई ने जताई है। प्रभारी मोहम्मद शाहिद राजस्थान के दौरे पर रहकर चुनाव में पारदर्शिता पर नजर बनाए हुए है। कई बैठकें लेकर उन्होंने चुनाव प्रक्रिया और सदस्य बनाने को लेकर फीडबैक लिया है।

चार पदों के लिए दौड़

राजस्थान यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद पर यशवीर शूरा के अलावा अभिमन्यु पुनियां, सुधींद्र मूंड, सतवीर चौधरी, राकेश मीणा, पूजा भार्गव, राजेश गुर्जर, डिंपल सिंदल, आशीष बैरवा, विकास कुमार व्यास, राजेश रलिया, अजय जैन, चंद्रप्रकाश मीणा, अरबाब खान और अशोक कुल्हरिया प्रदेश अध्यक्ष के लिए चुनाव मैदान में है। प्रदेश महासचिव के लिए कुल 216 प्रत्याशी मैदान में ताल ठोंक रहे । प्रदेश के यूथ कांग्रेस के कुल 40 जिलों के लिए बड़ी संख्या में लोग चुनाव लड़ रहे हैं। 200 विधान सभा सीटों के लिए भी प्रत्याशियों की संख्या इस बार अधिक है।

यशवीर शूरा युवा कांग्रेस के जरिए राजनीति की सीढियां चढ़ रहे है। राजनीति खून में है। दादा जयसिंह शूरा कल्याणपुरा सांगानेर के दो बार सरपंच, सांगानेर पंचायत समिति के 17 वर्ष तक प्रधान रहे है। सांगानेर विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर विधायक का चुनाव लड़ चुके है। यशवीर सिंह वर्ष 2016 से यूथ कांग्रेस सदस्य बनें, प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी के बाद वर्ष 2020 में प्रदेश उपाध्यक्ष चुने गए। राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में कदमताल कर चुके यशवीर अब राजस्थान यूथ कांग्रेस का चेहरा बनने की दौड़ में है। राजनीतिक गलियारों में मजबूत चुनाव प्रबंधन की चर्चा है। ऑनलाइन वोटिंग में शुरू से बढ़त बनाए हुए है।

About Manish Mathur