जयपुर, 5 मई 2026। पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी को प्राप्त प्रचंड जनादेश के उपलक्ष्य में भाजपा प्रदेश कार्यालय, जयपुर में भव्य एवं उत्साहपूर्ण विजय उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जीत की खुशियां मनाईं। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन सामूहिक रूप से सुना गया। उद्बोधन के पश्चात कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भाजपा कार्यालय परिसर में भव्य आतिशबाजी की गई, जिससे पूरा वातावरण रोशनी और उल्लास से भर गया। इस दौरान “भारत माता की जय”, “भाजपा जिंदाबाद”,“नितिन नवीन जिंदाबाद” तथा “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” के नारों से परिसर गूंज उठा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, विकासोन्मुख नीतियों और सुशासन के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कुशल संगठन और मार्गदर्शन ने पार्टी को यह सफलता दिलाई है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में लंबे समय से संघर्ष कर रहे कार्यकर्ताओं के त्याग, समर्पण और साहस को इस विजय का श्रेय देते हुए उन्हें नमन किया। इसके साथ ही, राजस्थान सहित देशभर के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को इस ऐतिहासिक सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह और जोश के साथ इस विजय उत्सव को यादगार बना दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्रीय कार्यालय में उद्बोधन आरंभ होते ही मदन राठौड़ भावुक होकर उत्साह से भर उठे। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी. एल. संतोष, केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेश शर्मा ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।
पश्चिम बंगाल चुनावों के दौरान उन कार्यकर्ताओं की सराहना की गई, जिन्होंने अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी लंबे समय तक डटे रहकर संगठन के लिए कार्य किया। विशेष रूप से प्रवासी राजस्थानी कार्यकर्ताओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने बंगाल में संगठित होकर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में प्रभावी भूमिका निभाई तथा निरंतर सक्रिय रहकर संगठन को नई मजबूती प्रदान की।
पत्रिका जगत Positive Journalism