गणेश चतुर्थी 31 अगस्त कोः मोती डूंगरी गणेश मंदिर में जन्मोत्सव कार्यक्रम बुधवार से शुरू

Editor- Manish Mathur

जयपुर  23 अगस्त 2022 : भगवान गणेश के जन्मोत्सव का पर्व गणेश चतुर्थी 31 अगस्त को मनाया जाएगा। इस विशेष अवसर पर शहर के गढ़ गणेश मंदिर, मोती डूंगरी गणेश मंदिर, नहर के गणेश जी , श्वेत सिद्धि विनायक मंदिर, ध्वजा धीश गणेश , परकोटे वाले गणेश मंदिर सहित विभिन्न गणेश मंदिरों में तैयारियां जोरों शोरों से चल रही है। घरों, गली-मोहल्लों और कॉलोनियों में भगवान गणेश के जयकारे सुनाई देंगे। मोती डूंगरी गणेश मंदिर में बुधवार से विधिवत रूप से उत्सवों की शुरुआत होने जा रही है। इस दिन मोदकों की झांकी सजाई जाएगी। मुख्य आयोजन 31 अगस्त यानी गणेश चतुर्थी को होगा। इसके एक दिन पहले 30 अगस्त को सिंजारा महोत्सव का आयोजन होगा। गणेशजी महाराज को सिंजारे की मेहंदी धारण करवाई जाएगी। वहीं जन्मोत्सव के दूसरे दिन गणेश जी महाराज की शोभायात्रा निकाली जाएगी। भगवान गणेश जी महाराज जयपुर शहर भ्रमण पर निकलेंगे।
मंदिर महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि गणेश जी महाराज के जन्मोत्सव 31 को मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में कई कार्यक्रम होंगे। 24 सितंबर को गणेश जी महाराज के मोदकों की झांकी के दर्शन होंगे। झांकी के दर्शन सुबह 5 बजे से होंगे। इस दिन बाहर का प्रसाद नहीं चढ़ेगा। झांकी में 251 किलो के 2 मुख्य मोदक होंगे। इसके अलावा 5 मोदक 51 किलो के, 21 मोदक 21 किलो के और 1100 मोदक सवा किलो के साथ अन्य मोदक शामिल होंगे। इस दिन गजानन महाराज को माणक पन्ना युक्त मुकुट धारण करवाया जाएगा। भक्तों को शाम 6.30 बजे से रात 9 बजे तक निशुल्क प्रसाद वितरित किया जाएगा। महोत्सव के तहत 25 अगस्त को गुरु पुष्य नक्षत्र पर गजानन महाराज के पंचामृत अभिषेक होगा। इस दिन 351 महिलाएं कलश लेकर आएगी। वहीं इस जल से भगवान का अभिषेक होगा। इसके अलावा 500 किलो दूध, 50 किलो बूरा, 100 किलो दही व 11 किलो घी व 11 किलो शहद से पंचामृत अभिषेक होगा। इस दिन ध्वज पूजन होगा। नवीन ध्वज धारण होंगे। मंदिर में महोत्सव के तहत 26 से 29 अगस्त तक सांस्कृतिक कार्यक्रम व भजन संध्या होगी। इसमें ध्रुवपद गायन, कत्थक नृत्य व सुगम संगीत का आयोजन होगा।
मेहंदी पूजन व सिंजारा महोत्सव 30 अगस्त को
महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि महोत्सव के तहत 30 अगस्त को गणेशजी महाराज का विशेष शृंगार किया जाएगा। गणेशजी महाराज का विशेष नौलड़ी का नोलखा हार के भाव जैसा शृंगार होगा। गणेशजी महाराज सिंजारे की मेहंदी धारण करेंगे, भक्तों को मेहंदी प्रसाद वितरित किया जाएगा। गणेशजी महाराज स्वर्ण मुकुट धारण करेंगे व चांदी के सिंहासन पर विराजमान होंगे। मेहंदी प्रसाद पांच स्थानों पर रात 8 बजे से वितरित किया जाएगा।
गणेश चतुर्थी पर तड़के 4 बजे होंगे दर्शन
गणेश चतुर्थी पर 31 अगस्त को गजानन महाराज का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दिन मंगला आरती सुबह 4 बजे होगी, वहीं शयन आरती रात 11.45 बजे होगी। भक्तों को मंदिर में 5 लाइनों से प्रवेश दिया जाएगा। वहीं 6 लाइनों से निकास होगा।
निकलेगी गजानन शोभायात्रा, 80 झांकियां होंगी शामिल
गणेश चतुर्थी के दूसरे दिन एक सितंबर को गणेश जी की शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें 80 झांकियां शामिल होगी। जिसमें 25 इलेक्ट्रॉनिक झांकियां होगी। एक बड़ी झांकी में गणेशजी ढोल नगाड़ा बजाते हुए नजर आएंगे। शोभायात्रा में आजादी के अमृत महोत्सव की झलक देखने को मिलेगी। यह शोभायात्रा मोतीडूंगरी गणेश मंदिर से शोभायात्रा रवाना होकर मोतीडूंगरी रोड, सांगानेरी गेट, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार ब्रह्मपुरी होते हुए गढग़णेश मंदिर पहुंचेगी।

About Manish Mathur