सिटी पैलेस में इस वर्ष सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2020 का होगा वर्चुअल आयोजन

Edit-Dinesh Bhardwaj

जयपुर 21 अक्टूबर 2020 –  ब्रिगेडियर स्वर्गीय एच.एच. महाराजा सवाई भवानी सिंह, एमवीसी ऑफ जयपुर के स्मरणोत्सव के अवसर पर गुरूवार, 22 अक्टूबर की शाम को प्रतिष्ठित वार्षिक पुरस्कार समारोह ‘सवाई जयपुर अवार्डस् 2020‘ का आयोजन इस वर्ष वर्चुअली किया जाएगा। महाराजा सवाई मानसिंह द्वितीय म्यूजियम ट्रस्ट द्वारा दिये जाने वाले ये पुरस्कार 24 श्रेणियों में होंगे। ये पुरस्कार मानवता की सेवा, हेरिटेज संरक्षण, चिकित्सा विज्ञान, परम्परागत शिल्प के क्षेत्र आदि विभिन्न श्रेणियों में दिये जाएंगे।  इन पुरस्कारों के तहत 31,000 रूपये नकद, शॉल, सिटी पैलेस के सर्वतोभद्र चौक में रखी रजत कलश की प्रतिकृति, प्रशस्ति पत्र और श्रीफल प्रदान किये जाते हैं। इस अवॉर्ड सेरेमनी को म्यूजियम के फेसबुक पेज https://www.facebook.com/msmsmuseum और YouTube चैनल https://bit.ly/37oJnsa पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा।

विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के दिये जाने वाले ये पुरस्कार हैं – राजा दूल्हा राय अवार्ड – उत्कृष्ट सामाजिक सेवाओं के लिए; राजा काकिल देव अवार्ड – आर्कीटेक्चर एवं हेरिटेज संरक्षण के लिए; राजा पजवान देव अवार्ड – औषधि के क्षेत्र में; राजा भगवंत दास अवार्ड – जयपुर के पारंपरिक शिल्प के क्षेत्र में; राजा मानसिंह प्रथम अवार्ड – बहादुरी के लिए; मिर्जा राजा जयसिंह प्रथम अवार्ड – सशस्त्र बलों में विशिष्ट सेवा के लिए; मिर्जा राजा राम सिंह प्रथम अवार्ड – पारिस्थितिकी संतुलन एवं पर्यावरण में सुधार के लिए; महाराजा विशन सिंह अवार्ड – ट्रेवल, टूरिज्म एवं संग्रहालय विकास में उल्लेखनीय कार्य के लिए; महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय अवार्ड – एस्ट्रोनॉमी एवं संबंधित विज्ञान के क्षेत्र में; महाराजा सवाई ईश्वरी सिंह अवार्ड – पत्रकारिता के क्षेत्र में; महाराजा सवाई माधो सिंह प्रथम अवार्ड –  राजस्थान की इमेज को विकसित करने और बढ़ाने के लिए; महाराजा सवाई प्रताप सिंह अवार्ड – इतिहास, साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में; महाराजा सवाई जगत सिंह अवार्ड – पेंटिंग एवं स्कल्पचर के क्षेत्र में; महाराजा सवाई राम सिंह द्वितीय अवार्ड – फोटोग्राफी के क्षेत्र में; महाराजा सवाई माधो सिंह द्वितीय अवार्ड – थियेटर, फिल्म एवं टेलीविजन क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिये जाएंगे।

इसके अतिरिक्त दिये जाने वाले अन्य पुरस्कार निम्न प्रकार से हैं – महाराजा सवाई मानसिहं द्वितीय अवार्ड – खेल में उत्कृष्टता के लिए; महारानी मरूधर कंवर अवार्ड – एमएसएमएस द्वितीय म्यूजियम ट्रस्ट, जेपीसीटी ट्रस्ट एव शिला माता ट्रस्ट के लिए; महारानी किशोर कंवर अवार्ड – परर्फाेमिंग आर्ट के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए; राजमाता गायत्री देवी अवार्ड – महिला उत्कृष्टता के लिए; महाराजा सवाई भवानी सिंह अवार्ड – व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए; राजमाता पद्मिनी देवी अवार्ड – राज पारिवार के प्रति वफादारी एवं उत्कृष्ट अनुशासित सेवाएं प्रदान करने के लिये; राजकुमारी दीया कुमारी अवार्ड – किसी भी क्षेत्र में अचीवर; महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह अवार्ड – स्पोर्ट्स में यंग अचीवर को उल्लेखनीय योगदान और ‘प्रिंसेस गौरवी कुमारी अवार्ड‘ – सोशल इम्पेक्ट के लिये उल्लेखनीय स्टार्ट-अप, नवाचार अथवा आविष्कार की शुरुआत के लिए दिये जायेंगे।

पुस्तक ‘बबल्स‘ का होगा विमोचन

पुरस्कार समारोह के दौरान राजमाता साहिबा पद्मिनी देवी और राजकुमारी दीया कुमारी द्वारा  एच.एच महाराजा सवाई भवानी सिंह पर पुस्तक ‘बबल्स‘ का विमोचन भी किया जाएगा। इस पुस्तक का प्रकाशन म्यूजियम ट्रस्ट द्वारा करवाया गया है। जयपुर के बिग्रेडियर एच.एच महाराजा सवाई भवानी सिंह युद्ध नायक, प्रतिष्ठित पोलो खिलाड़ी, डिप्लोमेट, समाज के सम्मानित नेता, सक्षम प्रशासक, प्यार करने वाले पारिवारिक व्यक्ति और उनके मित्र उन्हें ‘बबल्स’ के नाम से जानते थे। यह आधिकारिक जीवनी, जो उनके बहुआयामी व्यक्तित्व की एक झलक प्रस्तुत करती है, ट्रस्ट द्वारा प्रकाशित की गई है, जो उन्होंने अपने पिता के नाम पर स्थापित किया था। यह पुस्तक उन लोगों की यादों को फिर से ताजा करेगी जो महाराजा को व्यक्तिगत रूप से जानते थे और युवाओं को प्रेरित करेंगी। जयपुर के हालिया इतिहास के बारे में अधिक जानने के इच्छुक व्यक्ति के लिए इसे पढ़ना आवश्यक है, एक शहर जिसके लिए वे पूर्णतया समर्पित थे।

About Manish Mathur