ministry-of-skill-development-and-entrepreneurship-inaugurates-skill-india-pavilion-at-kumbh-mela
ministry-of-skill-development-and-entrepreneurship-inaugurates-skill-india-pavilion-at-kumbh-mela

भारत की सबसे बड़ी कौशल प्रतियोगिता– इंडियास्किल्स 2021 के लिए पंजीकरण शुरू हुआ

Editor-Rashmi Sharma

जयपुर 18 फरवरी 2021 : भारत में व्यावसायिक प्रशिक्षण के अंतर्राष्ट्रीय मानकों को बढ़ावा देने के लिए, कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार के अन्तर्गत, राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) ने आज नई दिल्ली में ‘इंडियास्किल्स प्रतियोगिता 2021’ के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू करने की घोषणा की। देश में प्रतिभाओं को खोजने के लिए द्विवार्षिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है, जो उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपने कौशल का प्रदर्शन करने के लिए एक मंच प्रदान करता है। उम्मीदवार राज्य प्रतियोगिताओं के लिएhttps://worldskillsindia.co.in/indiaskill2021/पर पंजीकरण कर सकते हैं।

पंजीकृत उम्मीदवारों को 47 प्रकार के कौशल में राज्यीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में चित्रकला, चिनाई, वेब टेक्नोलॉजी से लेकर फैशन टेक्नोलॉजी और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के लिए अनिवार्य पात्रता मानदंड है कि मेक्ट्रोनिक्स, क्लाउड कम्प्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, वॉटर टेक्नोलॉजी और इन्फार्मेशन नेटवर्क केबलिंग के अलावा सभी प्रकार के कौशल के लिए प्रतिभागियों का जन्म 1 जनवरी 1999 या उसके बाद का होना चाहिए। मेक्ट्रोनिक्स, क्लाउड कम्प्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, वॉटर टेक्नोलॉजी और इन्फार्मेशन नेटवर्क केबलिंग के लिए पात्रता मानदंड है कि प्रतिभागियों का जन्म 1 जनवरी 1996या उसके बाद का होना चाहिए।

पंजीकरण 28 फरवरी 2021 को बंद हो जाएंगे। पंजीकरण प्रक्रिया बंद होने के बाद, कौशल प्रतियोगिताएं जिला, राज्य और क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के क्षेत्रीय चरणों को पांच ज़ोन में आयोजित किया जाएगा और दिल्ली में राष्ट्रीय प्रतियोगिता का समापन होगा। प्रतियोगिताओं का आयोजन राज्यों द्वारा किया जाएगा और सेक्टर स्किल काउंसिल्स, उद्योग भागीदारों, निगमों और शैक्षणिक संगठनों की साझेदारी में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम द्वारा इन्हें समर्थित किया जाएगा।

2018 मेंआयोजित अंतिम इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में 22 राज्यों और 100 से अधिक कॉर्पोरेट्स की भागीदारी देखी गई थी। प्रतियोगिता के लिए 5 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था। इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2018 ने 48 कौशल चैंपियन को खोजने में मदद की, जिन्होंने अपने विशेषज्ञों के साथ वर्ल्ड स्किल्स इन्टरनेशनल 2019 में भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जिसे कि रूस के कज़ान में आयोजित किया गया था। भारत ने कौशल के लिए सबसे बड़ी प्रतियोगिता में एक स्वर्ण, एक रजत, दो कांस्य और 15 पदक जीते और 63भागादीर देशों में 13वां स्थान प्राप्त किया था। इसी तरह, 2017 में भारत, अबू धाबी में आयोजित विश्वस्किल्स प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 56 देशों में 19वें स्थान पर रहा है।

इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता भारत में कौशल के उच्चतम मानकों को प्रदर्शित करने और युवाओं के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण को आकांक्षी बनाने के लिए डिज़ाइन की गई है। इंडिया स्किल्स 2021 के विजेताओं को चीन के शंघाई में 2022 में आयोजित होने वाली वर्ल्डस्किल्स इंटरनेशनल प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।

About Manish Mathur